भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित सागर रायल होम्स कॉलोनी में शनिवार-रविवार रात महज कार को साइड देने के विवाद में गोली चल गई। तीन युवकों ने पहले एक सरपंच के साथ मारपीट की और फिर उसकी कमर से लाइसेंसी पिस्टल छीनकर उसी पर गोली चला दी।
गोली सरपंच के बाएं पैर में लगी और हड्डी तोड़ते हुए बाहर निकल गई। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी विमलेश राय ने बताया कि घटना के कुछ ही समय बाद तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें हर्षित पटेल और अनुभव चौबे सागर रायल होम्स कालोनी के निवासी हैं, जबकि उनका तीसरा साथी सोहागपुर क्षेत्र का रहने वाला है। तीनों नौकरी के साथ पढ़ाई भी कर रहे हैं। आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।